सलूंबर महिला अधिकारिता विभाग की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत वीरबाला कालीबाई राजकीय जनजातीय बालिका आवासीय विद्यालय, सलूंबर में ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य चौपाल का आयोजन किया गया। सहायक निदेशक मोतीलाल मीणा के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं को स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया, महिला सुरक्षा और विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक सुपरवाइजर अंजली मेहता ने महिला अधिकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं, केंद्रों और वहां उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी। वहीं पन्ना धाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक प्रियंका सोनी ने केंद्र की कार्यप्रणाली के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं को मिलने वाली सहायता और सेवाओं के बारे में बताया। स्वास्थ्य जांच के साथ दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश स्वास्थ्य चौपाल में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी आलोक कुमार और एएनएम फुली पटेल ने बालिकाओं की स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया से बचाव, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर आवश्यक परामर्श दिया गया। प्रतियोगिताओं से बढ़ाया उत्साह, विजेताओं को मिले उपहार कार्यक्रम को रोचक और सहभागी बनाने के लिए बालिकाओं के बीच ड्रॉइंग कॉम्पिटिशन, बुक बैलेंस रेस और स्वास्थ्य एवं सामान्य जागरूकता आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापक सपना मेहता, छात्रावास अधीक्षक गीता अहारी, विद्यालय स्टाफ, महिला अधिकारिता विभाग के कार्मिक, स्वास्थ्य विभाग के कार्मिक एवं छात्राएं मौजूद रहीं।