सलूंबर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गींगला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उथरदा गांव में एक बंद मकान से 590 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। यह शराब सड़क किनारे बाड़े में बने एक निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अवैध कारोबार से जुड़े लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। मकान से बड़ी मात्रा में शराब बरामद पुलिस को 21 अगस्त को मैथुड़ी पुलिस चौकी पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक मनोज कुमार के माध्यम से सूचना मिली कि उथरदा गांव के एक बंद मकान में अवैध अंग्रेजी शराब रखी हुई है। यह जानकारी थाना प्रभारी आजाद पटेल को दी गई, जिसके बाद एक पुलिस टीम देव नगरी-खाटिया खेड़ी मार्ग से उथरदा गांव पहुंची। टीम ने सड़क किनारे बाड़े में बने निर्माणाधीन मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को मकान के अंदर बड़ी संख्या में अंग्रेजी शराब के कार्टन और खुली बोतलें मिलीं। शराब की मात्रा अधिक होने के कारण अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। गवाहों की उपस्थिति में शराब की गिनती कर उसे जब्त करने की कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में अधिकांश चंडीगढ़ निर्मित है, जबकि बीयर पंजाब निर्मित बताई गई है। अब खंगाला जाएगा पूरा नेटवर्क पुलिस ने शराब और बीयर को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई, इसे किसके लिए स्टॉक किया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस अवैध शराब के सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।