सलूम्बर के सराड़ी में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। आयुर्वेद औषधालय (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) सराड़ी की ओर से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, एकलव्य नगर (भील बस्ती) में लगाए गए शिविर में 150 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद जरूरत के अनुसार विद्यार्थियों को नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. अख्तर हुसैन ने विद्यार्थियों को आयुर्वेद के सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित दिनचर्या, ऋतुचर्या और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्राकृतिक और संतुलित खान-पान अपनाने के साथ सही समय पर सोने और जागने की सलाह दी। विद्यार्थियों को कराया योग और प्राणायाम का अभ्यास योग प्रशिक्षक वीरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिविर में ताड़ासन, त्रिकोणासन और पादहस्तासन सहित कई योगासनों का अभ्यास कराया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को प्राणायाम भी कराया गया और विभिन्न आसनों से शरीर को होने वाले फायदों के बारे में बताया। 84 छात्र और 66 छात्राओं की हुई स्वास्थ्य जांच शिविर में कुल 150 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 84 छात्र और 66 छात्राएं शामिल रहीं। छात्राओं की विशेष रूप से हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। जांच के दौरान जरूरत पाए जाने पर छात्राओं और अन्य विद्यार्थियों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। छात्राओं को पर्सनल हाईजीन के बारे में बताया आयुष मित्र साक्षी पांडे ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी। उन्होंने आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों को नियमित आहार में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई और जरूरी सावधानियां बरतने के बारे में भी समझाया। शिविर को सफल बनाने में चिकित्सा अधिकारी डॉ. अख्तर हुसैन, कम्पाउण्डर योगेश जोशी, योग प्रशिक्षक वीरेंद्र सिंह और आयुष मित्र साक्षी पांडे की भूमिका रही। विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने भी शिविर के आयोजन में सहयोग किया।