सलूम्बर में भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राजस्थान प्रदेश, जिला और विधानसभा स्तरीय संगठनात्मक चुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद सलूम्बर में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। दिनेश पटेल को सलूम्बर जिला अध्यक्ष और मुकेश चौबीसा को विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पदाधिकारियों का स्वागत और अभिनंदन किया चुनाव के बाद सलूम्बर स्थित कांग्रेस कार्यालय में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष परमानंद मेहता और उनकी जिला कार्यकारिणी के सदस्यों ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को उपरना पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी घोषित परिणामों के अनुसार दिनेश पटेल को सलूम्बर जिला अध्यक्ष, मुकेश चौबीसा को विधानसभा अध्यक्ष, दीपराज सिंह गुड को सलूम्बर ब्लॉक अध्यक्ष और हरीश मीणा को सराड़ा ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया। इसी प्रकार नाथूलाल मीणा, चिराग जैन, चेतना मीणा और एडवोकेट मोहम्मद सोहिल को जिला महासचिव की जिम्मेदारी मिली। भगवान लाल को जिला उपाध्यक्ष, जबकि विकास कलाल और शादाब खान को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं, पुष्पेंद्र सिंह और मोईन रजा को सलूम्बर ब्लॉक उपाध्यक्ष तथा महेंद्र मीणा को सराड़ा ब्लॉक उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। युवाओं के अधिकार और रोजगार के मुद्दे उठाएंगे नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शीर्ष नेतृत्व, वरिष्ठ कांग्रेसजनों, युवा कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का उद्देश्य युवाओं की आवाज बुलंद करना और कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सलूम्बर क्षेत्र में युवाओं के अधिकार, शिक्षा, रोजगार और स्थानीय समस्याओं से जुड़े मुद्दों को संगठन के माध्यम से उठाया जाएगा। युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए सड़क से लेकर संगठन तक संघर्ष जारी रखने की बात कही। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक युवाओं को युवा कांग्रेस से जोड़ने का संकल्प भी जताया।