हनुमानगढ़ के संगरिया में किसानों और व्यापारियों से फसल खरीदकर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने चार फरार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फसल खरीदने के बाद किसानों को भुगतान का भरोसा दिलाकर रुपए देने में टालमटोल करने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत में करीब 35 लाख रुपए की फसल का भुगतान नहीं करने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मामले में संगरिया शहर के दर्जनों किसानों और व्यापारियों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के आरोप हैं। आरोपियों से पूछताछ और अनुसंधान जारी है। 35 लाख की फसल का भुगतान नहीं करने का आरोप जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को चक प्रतापनगर निवासी मंदीप सिंह पुत्र गुरबचन सिंह ने संगरिया थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया कि वह नई धानमंडी संगरिया स्थित प्रबल कुमार और प्रवीण कुमार की फर्म पर लंबे समय से फसल बेचता था। आरोप है कि विश्वास में लेकर करीब 35 लाख रुपए की फसल खरीद ली गई, लेकिन भुगतान मांगने पर आरोपी आज-कल करते रहे। शिकायत में अन्य किसानों की फसल के भुगतान को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं। इनमें सुखजीत सिंह की 7 लाख, हरजिंद्र सिंह की 15 लाख, इकबाल सिंह की 17 लाख, गुरमेल सिंह की करीब 5 लाख, सुखजिंद्र सिंह की 5 लाख, सुखदेव सिंह की करीब 3 लाख, तरसेम सिंह की करीब 3 लाख और पवन कुमार की 11 लाख रुपए की फसल शामिल है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने संगरिया शहर के दर्जनों व्यापारियों और किसानों के साथ करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की। मामला दर्ज, जांच शुरू रिपोर्ट के आधार पर संगरिया थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2), 61(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई शुरू की गई। मामले की जांच एएसआई विजय सोनी को सौंपी गई। विशेष टीम ने ऐसे पकड़े आरोपी जिला पुलिस अधीक्षक ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद, वृत्ताधिकारी संगरिया शंकरलाल छाबा और थानाधिकारी अमर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एएसआई विजय सिंह मय टीम ने मानवीय एवं तकनीकी आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। चारों आरोपी संगरिया के रहने वाले गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक उर्फ अवी (26) पुत्र प्रवीण कुमार, अंकुश (29) पुत्र प्रबल कुमार, प्रवीण कुमार (46) पुत्र केवलकृष्ण और प्रबल कुमार (50) पुत्र केवलकृष्ण, सभी निवासी वार्ड नंबर 26, संगरिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है। अनुसंधान के दौरान फसल खरीद से जुड़ी धोखाधड़ी और अन्य लेन-देन के संबंध में अतिरिक्त तथ्यों का पता लगाया जाएगा।