हनुमानगढ़ के संगरिया में युवती से मोबाइल लूटने के 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनसे लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की गई है। संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह की टीम ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी जानकारी से आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी राजेंद्र उर्फ पॉपिलिया (21) और हरदीप सिंह (22) हैं। नाथवाना निवासी 23 वर्षीय किरण ने 1 अक्टूबर को संगरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। किरण ने बताया कि 29 सितंबर को कोर्ट रोड पर पैदल चलते समय बाइक पर आए 2 बदमाशों ने उसका मोबाइल झपट लिया। संगरिया थाने में इस मामले का केस दर्ज हुआ। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच जारी है।