सपोटरा इलाके की ग्राम पंचायत जोड़ली के डूडीपुरा गांव में श्मशान घाट तक सही रास्ता नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में रविवार को एक व्यक्ति की मौत के बाद शवयात्रा करीब 4 फीट पानी से होकर निकली। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में पानी भरा होने के कारण उन्हें पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। इस घटना से ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन पर नाराजगी जताई है। शवयात्रा में शामिल बुजुर्गों सहित अन्य ग्रामीणों को भी पानी में चलने से काफी दिक्कत हुई। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में यह समस्या और बढ़ जाती है, जिससे अंतिम संस्कार जैसे जरूरी काम में भी बाधा आती है। ग्रामीणों के अनुसार डूडीपुरा में श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए आज भी कोई पक्का और सही रास्ता नहीं है। सामान्य दिनों में भी रास्ते की समस्या बनी रहती है, और बारिश में तो हालात और खराब हो जाते हैं। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से श्मशान घाट तक पक्का और सही रास्ता बनाने की मांग की है। उन्होंने रास्ते में होने वाले जलभराव की समस्या का भी स्थायी समाधान करने की अपील की है।