भास्कर न्यूज | बाड़मेर भारत विकास परिषद वीर दुर्गादास राठौड़ शाखा ने संस्कार प्रकल्प के तहत राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता कराई। कार्यक्रम राबाउमावि माल गोदाम रोड में हुआ। शहर के अलग-अलग स्कूलों की 5 टीमों के 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। आयोजन संयोजक हरीश सुथार रहे। मुख्य अतिथि परिषद के प्रांतीय संयुक्त सचिव डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी रहे। अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष ओमप्रकाश गौड़ ने की। विशिष्ट अतिथि प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप राठी रहे। विद्यालय प्रधानाचार्य धर्मवीर रोज भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में टीमों ने पहले हिंदी देशभक्ति गीतों की समूह प्रस्तुति दी। इसके बाद संस्कृत समूहगान में शुद्ध उच्चारण, लयबद्ध गायन के साथ गीत पेश किए। राजस्थानी लोकगीतों की प्रस्तुति भी हुई। डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी ने कहा कि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम के लिए देशभक्ति गीत असरदार माध्यम हैं। ओमप्रकाश गौड़ ने ऐसे आयोजनों को संस्कृति संरक्षण से जोड़ा। डॉ. प्रदीप राठी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीयता, सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों को बढ़ाना है। धर्मवीर रोज ने विद्यार्थियों को नियमित संगीत अभ्यास की सलाह दी। हिंदी और संस्कृत राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में सत्य साईं अंध एवं मूक बधिर विद्यालय की टीम प्रथम रही। राबाउमावि माल गोदाम रोड प्रथम पारी की टीम को द्वितीय स्थान मिला। इसी विद्यालय की द्वितीय पारी की टीम तृतीय रही। सभी टीमों को प्रोत्साहन पुरस्कार, प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यक्रम का संचालन हरीश सुथार ने किया।