सवाई माधोपुर में मानटाउन थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों डमी मैसेज भेजकर सर्विस चार्ज और जीएसटी के नाम पर ठगी करते थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि एडिशनल एसपी राकेश राजौरा और सीओ सिटी राजेन्द्र सिंह मीणा के सुपरविजन में और मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। साइबर पोर्टल 1930 पर मिली थी शिकायतें पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान यूनियन बैंक, सवाई माधोपुर के एक खाते को साइबर पोर्टल 1930 पर जांचा गया। जांच में इस खाते से पंजाब निवासी हरमनप्रीत कौर और लखनऊ निवासी कीर्ति यादव के साथ हुई साइबर ठगी की दो शिकायतें जुड़ी मिलीं। बैंक रिकॉर्ड और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने खाता धारक शादाब अली (22), निवासी भोपाल नगर, आदर्श नगर बी को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की गहन जांच और पूछताछ में उसके भाई अलमास (21) की भी संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। डमी मैसेज, लॉस कवर और मनी हेल्प के नाम पर झांसा देते थे पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों भाई मिलकर लोगों को डमी मैसेज, लॉस कवर और मनी हेल्प के नाम पर झांसा देते थे। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से सर्विस चार्ज, जीएसटी और विड्रॉल चार्ज के नाम पर रकम अपने बैंक खातों में मंगवाकर साइबर ठगी करते थे। मानटाउन थाना पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस बैंक खातों के लेन-देन, साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों और आरोपियों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों का खुलासा हो सकता है।