जिला पुलिस की ओर से गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहा है। जिसके तहत सवाईमाधोपुर पुलिस ने तकनीकी सहायता से विभिन्न कंपनियों के करीब 35 लाख रुपए कीमत के 207 गुमशुदा एंड्रॉयड और स्मार्टफोन बरामद किए हैं। जिन्हें मंगलवार शाम को एसपी जेष्ठा मैत्रेयी ने उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। इस दौरान गुम हुए मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल ट्रैस करने में तीन माह का समय लगा साइबर सेल और पुलिस की विशेष टीम पिछले करीब 3 महीने से गुम मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से ट्रैक करने में जुटी थी। अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय हुए मोबाइल फोन की तकनीकी जानकारी जुटाकर उनका पता लगाया गया। कुल 207 मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन की कुल बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपए आंकी गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और मोबाइल फोन की पहचान के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया गया। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर मालिकों के चेहरों पर खुशी नजर आई। उन्होंने सवाई माधोपुर पुलिस की कार्रवाई के लिए आभार जताया। अच्छा काम करने पर पुलिसकर्मी होंगे पुरस्कृत एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने अभियान में शामिल जिला साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारियों और सहयोगी पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया- अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें। इसके साथ ही ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक करवाएं। मोबाइल के दोबारा नेटवर्क पर सक्रिय होने पर तकनीकी माध्यम से उसकी तलाश कर पुलिस उसे वास्तविक मालिक तक पहुंचाने की कार्रवाई कर सकती है।