​गुजरात के वडनगर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान से निकली सेवा संकल्प यात्रा बांसवाड़ा जिले में पहुंची है। यह यात्रा मुख्यमंत्री के रूप में 25 सालों से प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए अनेक कार्यों को लेकर निकाली गई है। ​यात्रा में युवा मोर्चा के पदाधिकारी व कॉलेज के 36 युवाओं की टीम बाइक पर प्रतिदिन लगभग 150 किलोमीटर की दूरी तय कर रही है। टीम गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर वहां के रहन-सहन, संस्कृति, विकास कार्यों और कमियों को लेकर लोगों व लाभार्थियों से संवाद कर रही है। ​युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी ध्रुव भाई ने बताया कि राइडर्स गांवों में वृक्षारोपण, गौ-सेवा और स्वच्छता अभियान चलाते हुए स्वयं को आगे आना है का संदेश दे रहे हैं। ​यात्रा शनिवार दोपहर पालोदा, लसाड़ा, मेतवाला घाटी, परतापुर होते हुए रविवार को तलवाड़ा क्षेत्र में पहुंची। यहां गढ़ी विधायक कैलाश मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, महामंत्री किरण जोशी, गजेंद्र सिंह रमेश डिंडोर, हेमंत आदि ने यात्रा का स्वागत किया। ​तलवाड़ा स्कूल में आयोजित लाभार्थी संवाद कार्यक्रम में रमेश डिंडोर, विपिन त्रिवेदी, मयंक, भूपेश आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। राइडर्स ने उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत, घर-घर बिजली, घर-घर नल और गरीब कल्याण योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी। ​विधायक कैलाश मीणा ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से निकली यह यात्रा हमारे क्षेत्र में आई है। भारत माता का नाम आज विश्व पटल पर है। इससे पूर्व यत्र गोवर्धन गौशाला पहुंचे जहां पर राइडर्स ने गौ सेवा करते हुए संदेश प्रदान किया। ​यह यात्रा 7 अक्टूबर को वाराणसी में प्रधानमंत्री के लोकसभा क्षेत्र में समाप्त होगी।