जोधपुर ग्रामीण के शेरगढ़ उपखंड में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सोइन्तरा, जयसिंहपुरा और करणीसर गांवों में चल रही 4 अवैध कपड़ा फैक्ट्रियों को ध्वस्त कर दिया गया। एसडीएम ने बनाई टीम क्षेत्रीय अधिकारी जगदीश चौधरी ने बताया कि जिला कलेक्टर कार्यालय और सुप्रीम कोर्ट की हाई पावर्ड कमेटी से शिकायतें मिली थीं। इसके बाद शेरगढ़ उपखंड अधिकारी के नेतृत्व में टीम बनाई गई। इस टीम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वैज्ञानिक आशीष गुर्जर, तहसीलदार लालाराम मीणा, पटवारी और पुलिसकर्मी शामिल थे। अवैध कपड़ा इकाई को किया ध्वस्त टीम ने सोइन्तरा, जयसिंहपुरा और करणीसर गांवों में अचानक दबिश दी। यहां कृषि भूमि पर चार अवैध कपड़ा इकाइयां चल रही थीं। इनमें जिगर और कपड़े धोने के हौदे लगे थे। इनसे गंदा पानी खुले में जमीन पर छोड़ा जा रहा था। ध्वस्त की गई अवैध इकाइयों में सोइन्तरा गांव के रतन सिंह (खसरा संख्या 422) और भूपेंद्र सिंह (खसरा संख्या 293/256) की फैक्ट्रियां शामिल हैं। इसके अलावा जयसिंहपुरा के अर्जुन सिंह (खसरा संख्या 429/415) और करणीसर के सगत सिंह (खसरा संख्या 337) की फैक्ट्रियों पर भी कार्रवाई हुई। संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से इन इकाइयों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया। साथ ही, इनके बिजली कनेक्शन भी काट दिए गए। कार्रवाई के दौरान खुली जमीन पर फैले रासायनिक पानी के नमूने भी लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए जोधपुर शहर की प्रयोगशाला भेजा जाएगा। मामला होगा दर्ज क्षेत्रीय अधिकारी जगदीश चौधरी ने बताया कि कृषि और रिहायशी जमीन पर अवैध कपड़ा इकाइयों के संचालन की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। इन इकाइयों के खाताधारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा और उनकी खातेदारी रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।