सिरोही जिले के शिवगंज नगरपालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा के कुंदनमल अग्रवाल ने जीत दर्ज की है। उन्होंने बेहद करीबी मुकाबले में कांग्रेस को हराया। भाजपा को 18 और कांग्रेस को 17 वोट मिले। भाजपा ने सिर्फ 1 वोट के अंतर से कांग्रेस के सुरेश कुमार को हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। शिवगंज पार्षद चुनाव में भाजपा के 18, कांग्रेस के 16 और 3 निर्दलीय पार्षद जीते थे। एक निर्दलीय पार्षद के समर्थन से भाजपा के पास कुल 19 वोटों का आंकड़ा था। शिवगंज के कुल 35 वार्ड में से भाजपा ने 18 वार्ड जीते, जबकि कांग्रेस को 14 वार्ड मिले। तीन वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे। शिवगंज के वार्ड 5 में भाजपा की उम्मीदवार उषा देवी ने कांग्रेस की गीता को सबसे कम 3 वोटों से हराया था। वहीं, वार्ड 26 में कांग्रेसी नेता हबीब शेख ने भाजपा के कैलाश को 262 वोटों से हराया था। हालांकि, अध्यक्ष पद के मतदान में भाजपा को सिर्फ 18 वोट मिले। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहा है कि आखिर एक वोट कहां गया। इस बात की आशंका जताई जा रही है कि भाजपा के खेमे में ही क्रॉस वोटिंग हुई होगी। हालांकि, भाजपा पार्षद की क्रॉस वोटिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है। नतीजों के बाद भाजपा समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। शिवगंज की राजनीति में वोटों के इस गणित को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पिंडवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के बागी राकेश रावल की जीत, एक वोट से हराया पिंडवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के बागी और भाजपा प्रत्याशी राकेश रावल ने महज एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी अचल सिंह बलिया को एक मत से हराकर अध्यक्ष पद हासिल किया। पिंडवाड़ा नगर पालिका के 25 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 13, भाजपा ने 7 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 5 वार्डों में जीत हासिल की थी। चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस से जीते पार्षद राकेश रावल बागी हो गए और उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने राकेश रावल को नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी बनाया। अध्यक्ष पद के चुनाव में राकेश रावल और अचल सिंह बलिया के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतदान के बाद राकेश रावल ने एक वोट के मामूली अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया। राकेश रावल ने कहा कि यह जीत जनता के अटूट विश्वास, समर्पण और रावल परिवार की समृद्ध राजनीतिक विरासत की जीत है। उन्होंने कहा कि पिंडवाड़ा के चहुंमुखी विकास, जनकल्याण और नगर की प्रगति के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा तथा विकास के नए आयाम स्थापित करने का प्रयास रहेगा।