नागौर में 2 अलग-अलग हादसों में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वीर तेजाजी की जन्मस्थली खरनाल में तेजा दशमी मेले से वापस लौटते समय अलाय गांव के पास बाइक सवार 2 युवक ट्रेलर की चपेट में आ गए और जिंदा जलने से मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रेलर बीकानेर की ओर से नागौर साइड आ रहा था। इसी दौरान अलाय के पास बाइक ट्रेलर में जा घुसी। हादसे के बाद ट्रेलर में भी आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। फिलहाल दोनों मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई हैं। वहीं शाम को मेले में शामिल होने जा रहे बाइक सवार चार युवकों की बाइक सोमवार शाम श्रीबालाजी के पास डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में सादासर निवासी सुनील तरड़(28) की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। घायलों को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। मृतक का शव बागड़ी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। दरअसल, खरनाल में तेजा दशमी मेले में सुबह से ही दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बड़ी संख्या में लोग पैदल नाचते-गाते और तेजा गायन करते हुए मंदिर पहुंचे। दर्शन के लिए दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं। मेले में कई गाड़ियों और ट्रेलरों पर सोफे लगाए गए थे, जिन पर बुजुर्गों को बैठाकर पैदल संघ के साथ लाया गया। मेले में हुई धर्मसभा में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को ज्यादा से ज्यादा सीटें दिलाने का आह्वान किया। इनपुट - लालसिंह राठौड़। अब देखिए- स्टंट की 3 तस्वीरें हालांकि मेले में पुलिस-प्रशासन की चेतावनी के बाद भी कई जगह युवा कैंपर, कार और ट्रैक्टरों से स्टंट करते नजर आए। खेतों और सड़कों पर गाड़ियां लहराने और आगे का हिस्सा उठाकर स्टंट करने के वीडियो भी सामने आए। स्टंट करते समय एक कैंपर भी पलट गई। हालांकि हादसे में रेत में गिरने के कारण लोगों की जान बच गई। समापन पर साइकिल रेस हुई, जिसमें छह युवाओं ने हिस्सा लिया। इनमें मंगतूराम पहले, किशन दूसरे और रामप्रकाश ईनाणिया तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को नागौर तहसीलदार नरसिंहराम टाक ने पुरस्कार दिए।