सीकर‌ के जिला‌ खेल स्टेडियम में 1 से 23 अक्टूबर तक अग्निवीर सेना भर्ती रैली होगी। इसमें सीकर और जयपुर जिले के करीब 13 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। जयपुर आर्मी हेड क्वार्टर की ओर से आयोजित अग्निवीर सेना भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर सेना के अधिकारियों और जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। आर्मी‌ रिक्रूटमेंट ऑफिसर कर्नल हरीश चंद्र ने बताया- सीकर के जिला खेल स्टेडियम में 1 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, कोटा और जोधपुर एआरओ भर्ती क्षेत्र से संबंधित अभ्यर्थियों का डेट और क्षेत्रवार रैली का आयोजन किया जाएगा। भर्ती रैली में 12,270 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। कल इन शहरों कें अभ्यर्थी दौड़ेंगे निदेशक (कर्नल) हरीश चंद्र ने बताया- निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर को जयपुर जिले के आमेर, आंधी, बस्सी, चौमूं, दूदू, फुलेरा मुख्यालय, सांभर लेक, जयपुर, जमवारामगढ़, कालवाड़, किशनगढ़ रेनवाल, कोटखावदा, माधोराजपुरा, मौजमाबाद, फागी, सांगानेर और शाहपुरा क्षेत्र के 45 अभ्यर्थी दौड़ेंगे। इसके अलावा सीकर जिले के दांतारामगढ़, धोद, फतेहपुर, खंडेला, लक्ष्मणगढ़, नेछवा, नीमकाथाना, पाटन, रामगढ़ शेखावाटी, रींगस, सीकर, सीकर ग्रामीण और श्रीमाधोपुर क्षेत्र के 324 अभ्यर्थी सेना भर्ती में हिस्सा लेंगे।