सीकर में शादी के 3 महीने बाद जेवर और नगदी लेकर विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। वहीं सदर थाना इलाके में एक मंदिर से 30 चांदी के छत्र चोरी होने की वारदात भी सामने आई है। इसके अलावा सीकर के खाटूश्यामजी में दर्शन करने आए श्रद्दालुओं की गाड़ी चोरी हो गई। पुलिस इन सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। गहने और नगदी लेकर विवाहिता फरार शादी के 3 महीने बाद 19 साल की विवाहिता लापता हो गई। सुसराल ने आरोप लगाया कि जेवर और कैश भी गायब है। इस संबंध में महिला के पति (36) ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि जिले की रहने वाली लड़की से मई में ही उसकी शादी हुई थी। 22 अगस्त की रात परिवार के लोग खाना खाकर सो गया था। रात करीब 2 बजे युवक की आंख खुली तब भी उसकी पत्नी उसके पास ही सो रही थी, लेकिन सुबह 4 बजे उठकर देखा तो पत्नी वहां पर नहीं थी। इसके बाद आस-पड़ोस में भी विवाहिता की काफी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। उसके बाद जब कमरे में देखा तो लोहे की अलमारी और पेटी खुली हुई मिली। इनमें से लाखों रुपए के जेवरात और नगदी गायब मिली। जब विवाहिता के नंबर पर कॉल किया तो वह भी स्विच ऑफ आ रहा है। फिलहाल अब पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मंदिर से चांदी के 30 छत्र चोरी सीकर के सदर थाना इलाके के तासर छोटी गांव में बालाजी के मंदिर से चांदी के 30 छत्र चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गणेश शर्मा ने सदर थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि दोपहर के समय मंदिर में चोरों ने 30 चांदी के छत्र और दानपात्र से रुपए निकाल लिए। जिसका पता शाम को आरती करने के वक्त चला। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। खाटूश्यामजी में दर्शन करने आए श्रद्धालु की गाड़ी चोरी खाटूश्यामजी में हरियाणा से दर्शन करने के लिए आए श्रद्धालु की गाड़ी चोरी होने का मामला सामने आया है। हरियाणा के उचाना निवासी मोहित ने पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया कि वह 24 अगस्त की रात गाड़ी लेकर हरियाणा से दर्शन करने के लिए आए थे। उन्होंने अपनी गाड़ी को रींगस रोड मेला डायवर्जन के पास खड़ा किया था। जब 3 घंटे बाद वापस आकर देखा तो गाड़ी नहीं मिली। अब पुलिस गाड़ी की तलाश कर रही है