सीकर में साइबर थाना पुलिस ने खाते में साइबर फ्रॉड के लाखों रुपए का लेनदेन होने पर बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी युवक ने 15 हजार रुपए कमीशन के लालच में साइबर ठगों को अपना अकाउंट किराए पर दे दिया, जिसके बाद उसके अकाउंट में फ्रॉड के लाखों रुपए का लेनदेन हुआ। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साइबर थाना DYSP विनोद श्योराण ने बताया कि साइबर क्राइम की स्टेट विंग से इनपुट मिला था कि गोरधनपुरा के रहने वाले संजय सैनी(20) पुत्र इंद्राज सैनी के अकाउंट में फ्रॉड के लाखों रुपए का लेनदेन हुआ है। ऐसे में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वर्तमान में चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान में आरोपी संजय को उसके गांव से पकड़कर गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ में सामने आया है कि उसने साइबर ठग गिरोह से जुड़े किसी आदमी को केवल 15 हजार रुपए कमीशन के लालच में अपना अकाउंट किराए पर दिया था। जिसके बाद साइबर ठगों ने अकाउंट में फ्रॉड के लाखों रुपए के लेनदेन किए। अकाउंट में साइबर फ्रॉड के रुपए आने पर होती है गिरफ्तारी DYSP विनोद श्योराण ने बताया कि किसी आदमी ने अपना अकाउंट साइबर ठगों को किराए पर दे दिया और उसके अकाउंट में 1 रुपया भी साइबर फ्रॉड का आता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी में ASI दीनदयाल,ताराचंद,कॉन्स्टेबल दिलावर,भागीरथ और आनंद का योगदान रहा। साइबर सुरक्षित राजस्थान अभियान में 8 हजार लोगों को किया जागरूक DYSP विनोद श्योराण ने बताया कि 1 सितंबर से 30 सितंबर तक सीकर पुलिस के द्वारा साइबर सुरक्षित राजस्थान अभियान के तहत मैराथन दौड़ सहित आयोजन किए गए। जिनमें कुल 8 हजार लोगों को जागरूक किया गया है। रेप का आरोपी गिरफ्तार सीकर पुलिस ने रेप के मामले में एक महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के द्वारा अपनी परिचित युवती का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करके उसे वायरल करने की धमकी देकर कई बार रेप किया गया था।