सीकर‌ के जिला‌ खेल स्टेडियम में अग्निवीर सेना भर्ती रैली चल रही है। भर्ती रैली के 5वें दिन सोमवार को सीकर ग्रामीण और जयपुर ग्रामीण के 630 युवाओं ने दौड़ लगाई। ये भर्ती रैली 23 अक्टूबर तक चलेगी। जयपुर आर्मी हैड क्वार्टर की ओर से आयोजित अग्निवीर सेना भर्ती रैली को लेकर सेना के अधिकारियों और जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता बरत रहा है। रैली के छठे दिन भी जयपुर जिले के 630 युवा 400 मीटर के ट्रैक पर दौड़ लगाएंगे। भर्ती रैली में सीकर और जयपुर जिले के करीब 12 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होने की संभावना है। फिजिकल टेस्ट होगा आर्मी‌ रिक्रूटमेंट ऑफिसर कर्नल हरीश चंद्र ने बताया- सीकर के जिला खेल स्टेडियम में 1 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक फिजिकल टेस्ट होगा। इसमें अलग-अलग तारीख में जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, कोटा और जोधपुर आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस क्षेत्र से आए अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट होगा। भर्ती रैली में कुल 12,270 अभ्यर्थियों ने एप्लाई किया है। 6 अक्टूबर को इन क्षेत्र के अभ्यर्थी दौड़ेंगे निदेशक (कर्नल) हरीश चंद्र ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 अक्टूबर को जयपुर जिले के आमेर, बस्सी, फुलेरा, सांभर लेक, जालसू, जमवारामगढ़, जोबनेर व कालवाड़ के क्षेत्र के 351 और सीकर जिले के पाटन, रामगढ़ शेखावाटी, सीकर, रींगस व सीकर ग्रामीण के 279 युवाओं समेत कुल 630 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। 6 अक्टूबर को जयपुर जिले के चौमूं, दूदू, जयपुर, माधोराजपुरा, सांगानेर और तुंगा क्षेत्र के 630 अभ्यर्थी दौड़ लगाएंगे।