सीकर के कोतवाली थाना इलाके में कचरा डालने की बात को लेकर दो ठेलाकर्मियों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरे युवक के शरीर पर चाकू से 4-5 जगह वार कर दिए। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में लोगों ने युवक को गंभीर हालत में एसके अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल के लिए रेफर किया गया। इधर, घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी युवक के ठेले का सामान फेंक दिया और बाजार बंद करवाने की कोशिश की गई। हालांकि, सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने भीड़ को वहां से खदेड़ दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना तहसील के सामने मीना बाजार के पास गुरुवार करीब 1 से 2 बजे की बीच की है। पहले देखिए, घटना से जुड़ी 3 PHOTO'S युवक के चाकू से 4 से 5 जगह किया वार जानकारी के अनुसार, घटना में घायल युवक मोहम्मद रब्बानी चूड़ियों का ठेला लगाता है। उसके पास ही आरोपी इलियास जूते-चप्पल का ठेला लगाता है। आज दोपहर को उनके बीच कचरा डालने की बात को लेकर विवाद हो गया। ऐसे में इलियास ने अपने पास रखे एक चाकू से मोहम्मद रब्बानी पर 4-5 जगह वार कर दिया। इधर, घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को डिटेन भी कर लिया है। फिलहाल युवक से पुलिस की पूछताछ जारी है। वहीं हॉस्पिटल से आक्रोशित लोग वापस घटनास्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने आरोपी इलियास के ठेले का समान फेंक दिया और बाजार बंद करवाने की कोशिश की। लेकिन मौके पर सीओ सिटी नवनीत कौर, कोतवाली SHO सुनील कुमार जांगिड़ पहुंचे, जिन्होंने भीड़ को वहां से खदेड़कर स्थिति को काबू किया।