सीकर में मानसून की विदाई से पहले आज(गुरुवार) दोपहर अच्छी बारिश हुई। दोपहर करीब 2 बजकर 50 मिनट से शाम 6 बजे तक बारिश का दौर चलता रहा। कभी तेज तो कभी धीरे बारिश हुई। बारिश से कई जगहों पर गाड़ियों के टायर डूबे तो कई जगहों पर घुटनों तक पानी भरा। सीकर समेत आसपास के इलाकों में बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। विदाई से पहले मानसून की अच्छी बारिश देखने को मिली। सीकर में पिछले 4 दिन से अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था। आज बारिश के बाद लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। अगले 24 घंटे में भी सीकर समेत आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। सीकर के तापमान में भी लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सीकर जिले में फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री और सुबह का न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में अगले 2 दिनों बाद मौसम में फिर बदलाव होने की संभावना है। अब तक 10 प्रतिशत कम बारिश हुई सीकर जिले के मानूसन की बात करें तो इस बार अब तक औसत से भी 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है। ऐसे में जिले में कई जगहों पर फसलें भी काफी प्रभावित हुई हैं। बाजरे की अगेती फसल जरूर ठीक हुई लेकिन सभी पछेती फसलों पर बारिश नहीं होने का प्रभाव देखने को मिल रहा है। इस साल मूंगफली के दाम भी बढ़ने की संभावना है। 21 सितंबर को मानसून की विदाई संभव जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार, सीकर समेत पूरे राजस्थान में मानसून की विशेष गतिविधियां देखने को नहीं मिलेंगी। 21 सितंबर को मानसून की विदाई संभव है। हालांकि, लौटते मानसून से राजस्थान के कुछ उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में बारिश के आसार हैं। इस साल प्रदेश के 20 जिलों में औसत या इससे कम बारिश हुई है।