सीकर के सदर थाना इलाके में देर रात मर्डर का मामला सामने आया है। गाड़ियों में आए बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल भी हुआ है। आपसी रंजिश को लेकर यह पूरा मामला हुआ। फिलहाल शव को एसके हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है। परिजनों और ग्रामीणों ने मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया है । इस मामले में मृतक के भाई कुलदीप ने पुलिस में रिपोर्ट दी है। जिसमें उसने बताया कि उसका भाई संदीप पिलानियां पुत्र नेमीचंद पिलानियां बीती रात अपने साथी प्रवीण,सोयल,आनंद,मोहित और मुकेश के साथ अपनी कैंपर गाड़ी लेकर रात को 12:30 बजे भढाढर में वर्कशॉप से रवाना हुए थे। इसके बाद गांव में ही स्थित पेट्रोल पंप पर गए थे। वहां पेट्रोल नहीं मिला तो पास ही मौजूद नायरा पेट्रोल पंप जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक कैंपर गाड़ी ने टक्कर मारी। टक्कर लगने के बाद संदीप की कैंपर गाड़ी बंद हो गई। इसी दौरान वहां पर दो कैंपर गाड़ी और एक स्कॉर्पियो आई। जिन्होंने भी पीछे से और साइड से टक्कर मारी। इसी दौरान हमलावरों की गाड़ी में से नितेश उर्फ वीरू,उमेश उर्फ पोलक,हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र लोसल,अरबाज खान लक्ष्मणगढ़ कालू, सुमित सहित अन्य लोग थे। संदीप और आनंद के साथ गाड़ी में मौजूद प्रवीण,सोयल और मोहित तो वहां से भाग गए। लेकिन संदीप और आनंद पर बदमाशों ने हमला करना शुरू कर दिया। घटना में आनंद के पैर,पेशाब की नली पूरी तरीके से जख्मी कर दी गई और और संदीप के साथ भी बुरी तरह से मारपीट की गई। उस पर बदमाशों ने फावड़े से हमला किया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बदमाश उसे साइड में पटककर चले गए। मृतक संदीप के दोस्त अक्षय जाखड़ ने बताया कि उसके दोस्त संदीप का बदमाशों के द्वारा मर्डर कर दिया गया। ऐसे में अब मांग है कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए इसके बाद पोस्टमार्टम करवाएंगे। जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते तब तक अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी रहेगा। हमें कोई भी मुआवजा या मदद नहीं चाहिए। जानकारी के अनुसार मृतक संदीप पर एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज है। वहीं दूसरी तरफ घटना में शामिल आरोपी भी एमडी,स्मैक की तस्करी से जुड़े हुए हैं। ऐसे में अंदेशा है कि इसी को लेकर आरोपियों के और मृतक के बीच कोई रंजिश थी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। मामले में सदर थाना SHO पवन कुमार चौबे का कहना है कि घटना में शामिल एक आरोपी जीतू लोसल हिस्ट्रीशीटर है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अलग-अलग टीम दबिश दे रही है।