सीकर के रींगस थाना पुलिस ने कस्बे के बहुचर्चित डॉ. अजय सक्सेना के घर चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर तीनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.40 लाख रुपए नकद और करीब 6 लाख रुपए कीमत का सोना बरामद किया है। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कमांडो ने बताया- वारदात 5 जून को भातरों का मोहल्ला निवासी डॉ. अजय सक्सेना के घर हुई थी। डॉक्टर परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर में चार अज्ञात बदमाश घर में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर से 9 लाख रुपए नकद और करीब 10 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। शाम को डॉ. सक्सेना का परिवार घर लौटा तो सामान बिखरा मिला। घर के किवाड़ और अलमारियां टूटी हुई थीं। इसके बाद पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया। 300 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले सचोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। टीम ने अजमेर, जयपुर, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा सहित कई स्थानों पर दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को चोरी के मुख्य आरोपियों महेंद्र चंद्र बागरिया उर्फ भागचंद उर्फ सुरेंद्र निवासी मोतीपुरा, थाना सराना, जिला अजमेर, हाल सायला, थाना सदर केकड़ी और पप्पू बागरिया निवासी पाड़लिया, थाना केकड़ी सदर, जिला अजमेर के बारे में जानकारी मिली। पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपियों को बरेली थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर रखा है। इसके बाद न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर दोनों को बरेली से रींगस लाया गया और गिरफ्तार किया गया। चोरी का सोना खरीदने वाला भी गिरफ्तार पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले विनोद कुमार सोनी निवासी वार्ड 18, जैन मोहल्ला, सरवाड़ को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने मुख्य आरोपियों से 1.40 लाख रुपए नकद बरामद किए, जबकि विनोद कुमार सोनी के कब्जे से 45 ग्राम सोना बरामद हुआ। बरामद सोने की कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है। कई राज्यों में चोरी-लूट के मामले एएसपी दीपक गर्ग ने बताया कि महेंद्र बागरिया और पप्पू बागरिया बेहद शातिर बदमाश हैं। दोनों एक जगह वारदात करने के बाद दोबारा वहां नहीं जाते और चोरी की घटना के बाद खानाबदोश की तरह जीवन बिताते हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ चित्तौड़गढ़, कोटा, पाली, जोधपुर, अजमेर, जयपुर और दौसा सहित कई जिलों में मामले दर्ज हैं। इसके अलावा गुरुग्राम, सोलापुर, देहरादून, बरेली, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित देश के कई स्थानों पर चोरी व लूट के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब चोरी में शामिल अन्य दो आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस टीम ने लगातार की निगरानी कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कमांडो, लांपुवा पुलिस चौकी प्रभारी एसआई दूलाराम, देवीलाल, सुरेश कुमार, महेश कुमार और नवीन कुमार शामिल रहे। पुलिस टीम ने लगातार CCTV फुटेज खंगालने के साथ अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। आरोपियों के अजमेर में होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और बरेली सेंट्रल जेल से दोनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर रींगस लाया गया।