सीकर में गुरुवार शाम को हुई बारिश के बाद आज सुबह से तेज धूप निकली हुई है। उमस का असर भी बना हुआ है। अब 2 दिन तक सीकर में हल्की बारिश का अनुमान है। बीती शाम हुई बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सीकर में इस साल मानसून की औसत से भी कम बारिश हुई है। इससे पहले गुरुवार शाम को बारिश से नवलगढ़ रोड, पिपराली रोड, फतेहपुर रोड और बजाज रोड पर जलभराव की स्थिति बन गई। नवलगढ़ रोड पर गाड़ियों के टायर तक डूब गए। पिपराली रोड पर बारिश का पानी भरने से कोचिंग स्टूडेंट्स परेशान हुए और गाड़ियों का लंबा जाम लग गया। सीकर जिले में फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया था। फिलहाल सीकर जिले में पिछले 3 दिन के तापमान में तेजी से बदलाव देखने को मिला है। कल से फिर तापमान बढ़ने का अनुमान है।