सिरोही जिले के मनोरा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में 17 बच्चों को दवा पिलाई गई। इनमें से 8 बच्चों की तबीयत खराब हो गई। 5 बच्चों को सिरोही के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, मनोरा आंगनबाड़ी केंद्र में कुल 17 बच्चे नामांकित हैं। केंद्र की संचालिका ने बच्चों को दवा पिलाई थी और भोजन भी कराया था। इसके बाद 8 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इन बच्चों की उम्र ढाई से पांच साल के बीच है। हालत लगातार बिगड़ी तो पहुंचाया अस्पताल बच्चों की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उन्हें घर पर भी दवा दी, लेकिन उल्टी और दस्त के बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजनों ने एम्बुलेंस की मदद से सभी बच्चों को सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। ट्रॉमा सेंटर में प्राथमिक इलाज के बाद जब बच्चों को आराम मिला, तो उन्हें बच्चों के वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। इस दौरान 5 बच्चों के परिजन भी उनके साथ रहे। परिजनों ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि बच्चों को क्या खिलाया या पिलाया गया था। वे सिर्फ विश्वास पर बच्चों को केंद्र भेजते हैं। ट्रॉमा सेंटर में भर्ती बच्चों में पायल, व्यंग, हर्षिता, आयुष और महेश शामिल हैं। इन सभी का बच्चों के वार्ड में लगातार इलाज जारी है।