पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तहत बुधवार को जिला परिषद सभागार में लॉटरी के जरिए सीटों का आरक्षण व श्रेणीवार आबंटन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) अभिषेक सुराणा की मौजूदगी में बच्चों से पर्ची निकलवाकर लॉटरी तय की गई। परिसीमन के बाद जिले में पंचायत समितियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। ऐसे में इस बार 6 नई पंचायत समितियों में पहली बार प्रधान चुने जाएंगे। वहीं 13 में से 6 पंचायत समितियों की कमान महिला प्रधानों के हाथ होगी। चूरू, राजगढ़, सरदारशहर और तारानगर मुख्यालय पर दो-दो प्रधान बैठेंगे। 13 में से 4 सीटें सामान्य, 4 सामान्य महिला, 2 एससी, 1 एससी महिला, 1 ओबीसी और 1 सीट ओबीसी महिला के लिए आरक्षित की गई है। इस दौरान सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल, एडीएम अर्पिता सोनी, पूर्व प्रधान संजय कस्वां सहित कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जिप के 39 वार्डों के आरक्षण को लेकर भी लॉटरी निकाली गई। अनारक्षित (ओपन) : 18, 21, 27, 29, 30, 31, 33, 34, 37, 38, 39 (11 वार्ड) अनारक्षित (महिला) : 2, 3, 5, 8, 10, 19, 20, 23, 26, 36 (10 वार्ड) एससी (ओपन) : 4, 12, 14, 15, 17 (5 वार्ड) एससी (महिला) : 1, 11, 13, 16, 35 (5 वार्ड) ओबीसी (ओपन) : 6, 7, 9, 28 (4 वार्ड) ओबीसी (महिला) : 22, 24, 25, 32 (4 वार्ड) जिले की 13 पंचायत समितियों में 231 सदस्य चुने जाएंगे। इनमें से रतनगढ़ में सर्वाधिक 29 सदस्य निर्वाचित होंगे। इसी तरह सुजानगढ़ में 25, बीदासर में 23 और राजगढ़ व भानीपुरा में 17-17 सदस्य चुने जाएंगे। इसके अलावा चूरू, चूरू उत्तर, सिद्धमुख, चांदगोठी, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम, सरदारशहर व सरदारशहर पूर्व पंचायत समिति में 15-15 सदस्य निर्वाचित होंगे। पिछली बार 5 समितियों में थीं महिला प्रधान पिछले चुनाव में 7 में से 3 पंचायत समितियां (2 सामान्य महिला, 1 एससी महिला) महिलाओं के लिए आरक्षित थीं। हालांकि, सरदारशहर (सामान्य) और बीदासर (एससी) में भी महिलाएं जीतकर आई थीं, जिससे 5 महिला प्रधान बनी थीं। इस बार 13 में से 6 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं।