भरतपुर| नवोदय और सैनिक स्कूल की तैयारी कराने वाली सांवलिया डिफेंस अकेडमी में छठी कक्षा के छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के पिता ने अध्यापक पर मार्कर चोरी के शक में बेटे को बेरहमी से पीटने, सिर दीवार में मारने और हाथ-पैरों पर डंडे बरसाने का आरोप लगाया है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, कोचिंग संचालक ने घटना से इनकार किया है। सिनसिनी निवासी नरोत्तम सिंह ने बताया कि उनका बेटा हीरादास स्थित सांवलिया डिफेंस अकेडमी में नवोदय और सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा है। शुक्रवार को क्लास के दौरान किसी छात्र ने अध्यापक का मार्कर उठा लिया और उसे उनके बेटे की तरफ फेंक दिया। आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने पर अध्यापक ने मार्कर चोरी करने के शक में उनके बेटे की पिटाई कर दी। पिता के मुताबिक, अध्यापक ने बेटे का सिर पकड़कर दीवार में मारा और हाथ-पैरों पर डंडों से वार किए। उसके सीने पर नाखूनों से खरोंचने का भी आरोप लगाया है। नरोत्तम सिंह ने बताया कि उनका बेटा पिछले तीन साल से इसी कोचिंग में पढ़ रहा है। नरोत्तम सिंह ने आरोप लगाया कि कोचिंग संचालक ने उनके बेटे को नवोदय या सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा पास कराने की गारंटी दी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। संचालक बोले- सीसीटीवी फुटेज से सामने आएगी सच्चाई:- वहीं, कोचिंग संचालक राजेंद्र सिंह ने छात्र के साथ मारपीट के आरोपों को नकार दिया। उनका कहना है कि जिस क्लास रूम में घटना होने का आरोप लगाया जा रहा है, वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। कोचिंग में ऐसी कोई घटना नहीं हुई। संचालक ने दावा किया कि छात्र के पिता पर रुपये बकाया हैं। रुपये मांगने पर उन्होंने यह कहानी बनाई है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे। थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़ित छात्र के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।