भास्कर न्यूज | भरतपुर कृषि विस्तार विभाग द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2026 में अब तक 34500 किसानों ने बीमा कराया है। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) राधेश्याम मीणा के अनुसार र जिले में इस योजना के क्रियान्वयन के लिए एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड को अधिकृत किया गया है। जिले में बाजरा और ज्वार को अधिसूचित फसलों के रूप में शामिल किया गया है। बाजरा की बीमित राशि ₹58,811 प्रति हेक्टेयर है। इसके लिए कृषक द्वारा देय अधिकतम प्रीमियम दर 0.30% रखी गई है तथा जोखिम स्तर 80% निर्धारित है। ज्वार की बीमित राशि ₹31,759 प्रति हेक्टेयर है। इसके लिए भी किसान द्वारा देय प्रीमियम दर 0.30% तथा जोखिम स्तर 80% रखा गया है। खरीफ मौसम 2026 के दौरान जिले में किसानों ने फसल बीमा कराने में गहरी रुचि दिखाई है। 34,576 किसानों ने 31,255.7 हेक्टेयर फसल बीमा कराया है। खरीफ 2026 के दौरान कटी हुई फसलों में अचानक हुई बेमौसम बारिश के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हुई थीं। प्रभावित किसानों ने इस संबंध में बीमा कंपनी के पास ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराई थीं। बीमा कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कटाई उपरांत प्राप्त सभी 1,776 शिकायतों का सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है और संबंधित रिपोर्ट/सूचना जयपुर मुख्यालय भिजवा दी गई है। इससे प्रभावित किसानों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है।