भास्कर न्यूज | वनस्थली, वनस्थली में शुरू हुई 70वीं जिला स्तरीय विद्यालयी छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता में टोंक जिले के विभिन्न विद्यालयों की लगभग 765 छात्रा खिलाड़ी भाग ले रही हैं। यहां खो-खो, कबड्डी एवं वॉलीबॉल के मैच होंगे। चार दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। खो-खो में 17 वर्ष आयु वर्ग की 19 टीमें तथा 19 वर्ष आयु वर्ग की 11 टीमें, कबड्डी में 17 वर्ष आयु वर्ग की 16 टीमें तथा 19 वर्ष आयु वर्ग की 60 टीमें, वॉलीबॉल में 17 वर्ष आयु वर्ग की 5 टीमें तथा 19 वर्ष आयु वर्ग की 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिताओं का औपचारिक उद्घाटन सुबह 11 बजे वनस्थली विद्यापीठ के ‘शाकुन्तलम् क्रिकेट मैदान’ पर किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि वनस्थली विद्यापीठ के प्रबंधन संकाय एवं विधि संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. हर्ष पुरोहित रहे। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के समन्वयक प्रो. मुरलीधर मिश्रा तथा विभागाध्यक्ष घनश्याम मातरिया उपस्थित रहे। वनस्थली विद्यापीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकुन्द मोहन दीक्षित ने अतिथियों का स्वागत किया। टोंक जिले से संबंधित खो-खो, कबड्डी एवं वॉलीबॉल खेलों के चयनकर्ता, शारीरिक शिक्षक, खेल प्रशिक्षक एवं निर्णायक भी मौजूद रहे।