श्रीगंगानगर में बिजली विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी के SBI खाते से 4.57 लाख रुपए साइबर ठगों ने निकाल लिए। आरोप है कि ठगों ने फोन-पे को हैक कर खाते से कई बार ट्रांजैक्शन किए। खास बात यह है कि कर्मचारी के मोबाइल पर किसी भी ट्रांजैक्शन का OTP नहीं आया। मामला पुरानी आबादी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जीरो नंबर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। होम लोन की किस्त नहीं कटी तो अकाउंट चेक किया पुलिस को दी शिकायत में किशनलाल नायक निवासी वार्ड नंबर 17/20, करणपुर रोड, पुरानी आबादी श्रीगंगानगर ने बताया कि वे राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (आउ, फलौदी) से 31 मई 2026 को रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद उनके GPF के रुपए SBI की श्रीगंगानगर ब्रांच के खाते में जमा हुए थे। किशनलाल ने HDFC बैंक से होम लोन लिया हुआ है। इसकी किस्त हर महीने 5 तारीख को ऑटो डेबिट होती है। 13 सितंबर तक किस्त नहीं कटी तो उनके मोबाइल पर ड्यू मैसेज आया। इसके बाद उन्होंने PhonePe के जरिए अपने SBI खाते से HDFC खाते में 20 हजार रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद बैंक अकाउंट के ट्रांजैक्शन चेक किए तो कई बार रुपए निकलने का पता चला। 6 बार में निकाले 4.57 लाख रुपए शिकायत के अनुसार किशनलाल के खाते से 4 सितंबर को 98 हजार रुपए, 7 सितंबर को 80 हजार और 10 हजार रुपए निकाले गए। इसके बाद 8 सितंबर को 92 हजार, 9 सितंबर को 79 हजार, 10 सितंबर को 50 हजार और 48 हजार रुपए निकाले गए। इस तरह खाते से कुल 4 लाख 57 हजार रुपए निकाल लिए गए। 13 सितंबर को साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत किशनलाल ने 13 सितंबर को ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर पुलिस स्टेशन ATS एंड SOG जयपुर से प्राप्त अनक्लोजमेंट नंबर 32709260101687 और 32709260102377 के आधार पर पुरानी आबादी थाने में जीरो नंबर FIR दर्ज की गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक महेंद्र कुमार कर रहे हैं।