श्रीगंगानगर में बिजली फॉल्ट ठीक करने गई FRT टीम की गाड़ी के आगे बाइक लगाकर 5-6 युवकों ने रास्ता रोक दिया और पथराव शुरू कर दिया। युवकों ने बिजली ठीक करने में देरी का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी भाग चुके थे। घटना के बाद बिजली विभाग ने मोहल्ले में चल रहे अवैध कनेक्शन काटे, वहीं तनाव को देखते हुए पुलिस करीब 2 घंटे तक तैनात रही। घटना रविवार रात करीब 11 बजे जवाहर नगर थाना क्षेत्र में लोहिया पार्क के पास हुई। फॉल्ट की सूचना पर रात 11 बजे पहुंची थी टीम जानकारी के अनुसार, श्रीगंगानगर शहर के वार्ड नंबर-46 में रविवार रात करीब 11 बजे FRT टीम को बिजली लाइन में फॉल्ट आने की सूचना मिली थी। बताया गया कि फॉल्ट के कारण वार्ड के सभी घरों की बिजली बंद हो गई है। सूचना के बाद टीम मौके पर पहुंची और बिजली लाइन की मरम्मत करते हुए फ्यूज बदलने का काम शुरू किया। गाड़ी के आगे बाइक लगाकर रोका, फिर पथराव किया टीम बिजली लाइन ठीक कर रही थी, तभी मोहल्ले के कुछ युवक वहां पहुंच गए। उन्होंने टीम की गाड़ी के आगे अपनी बाइक खड़ी कर दी। युवकों का कहना था कि बिजली ठीक करने के लिए टीम देरी से पहुंची है। इसके बाद 5-6 युवकों ने गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया। युवकों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। स्थिति बिगड़ने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी युवक वहां से भाग चुके थे। अवैध बिजली कनेक्शन काटे, मोहल्ले में तनाव घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने कार्रवाई करते हुए मोहल्ले के घरों में चल रहे अवैध बिजली कनेक्शन काट दिए। पथराव की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस करीब 2 घंटे तक मोहल्ले में तैनात रही और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। बिजली विभाग कराएगा मामला दर्ज बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टीम के साथ पथराव और धक्का-मुक्की करने वाले आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा। पुलिस अब घटना में शामिल युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।