श्रीगंगानगर की पुरानी आबादी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई चैन के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक 9 एमएम का जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में पुलिस अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। कार्रवाई एसपी हरिशंकर के निर्देशन में और एएसपी दीपक शर्मा के सुपरविजन में की गई। पुलिस थाना पुरानी आबादी में दर्ज प्रकरण संख्या 259, 22 सितंबर 2026 में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत जांच चल रही है। पहले दो आरोपियों से मिली थीं जिगाना पिस्टल पुलिस ने बताया- पुलिस टीम ने करणपुर रोड स्थित किंग्स सदाइन्द्र कॉलोनी से मोहित (29) निवासी 54 एलएनपी और विश्वदीप सिंह (20) निवासी 10 ओ तेजेवाला (श्रीगंगानगर) को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से पुलिस ने दो अवैध विदेशी जिगाना पिस्टल, दो मैगजीन व ब्रेजा कार जब्त की थी। दोनों आरोपियों को जांच के बाद जेल भेज दिया गया था। सामने आई हथियार सप्लाई की कड़ी दोनों आरोपियों से पूछताछ और जांच के दौरान अवैध हथियारों की सप्लाई चैन में अन्य लोगों के शामिल की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जसकरण सिंह (24), अशोक सिंह (31) दोनों निवासी 37 बीबी, थाना गजसिंहपुर तथा करणवीर सिंह (24) निवासी 01 बीबी, चूनावढ़ को गिरफ्तार किया। तीनों के कब्जे से एक 9 एमएम का जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हथियार सप्लाई नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है।