रामदेवरा मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने दो मेला स्पेशल रेलसेवाएं चलाने का फैसला किया है। श्रीगंगानगर-पोकरण के बीच 12 से 26 सितंबर तक 15 फेरों के लिए विशेष ट्रेन चलेगी। वहीं लालगढ़ से रामदेवरा के बीच 19 से 22 सितंबर तक दैनिक स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी। ट्रेन संख्या 04741 श्रीगंगानगर से सुबह 10:15 बजे रवाना होगी। यह केसरीसिंहपुर, श्रीकरणपुर, गजसिंहपुर, रायसिंहनगर, जैतसर, सूरतगढ़, राजियासर, अरजनसर, महाजन, लूणकरनसर, धीरेरा होते हुए शाम 4:20 बजे लालगढ़ से निकलेगी। इसके बाद कोलायत, फलोदी और शाम 7:15 बजे रामदेवरा रुककर शाम 7:50 बजे पोकरण पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 04742 पोकरण से रात 8:45 बजे रवाना होगी। यह रामदेवरा से रात 9:15 बजे और लालगढ़ से रात 12:50 बजे छूटकर सुबह 7:50 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 04751 लालगढ़ से सुबह 4:00 बजे चलकर 7:30 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 04752 रामदेवरा से सुबह 9:00 बजे रवाना होकर दोपहर 12:00 बजे लालगढ़ पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन 04753 लालगढ़ से दोपहर 1:00 बजे चलकर शाम 4:30 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 04754 रामदेवरा से शाम 5:00 बजे रवाना होकर रात 8:15 बजे लालगढ़ पहुंचेगी। ये ट्रेनें कोलायत व फलौदी रुकेंगी। ट्रेन में 8 जनरल और 2 गार्ड डिब्बों समेत कुल 10 कोच होंगे।