कोटा जिले की 5 नगर पालिका चुनाव के नतीजों के बाद अब अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा और कांग्रेस में जोड़-तोड़ का दौर शुरू हो गया है। 25 वार्ड वाली नगर पालिका सुकेत में अध्यक्ष पद पर बोर्ड बनाने के लिए किसी भी दल को 13 पार्षदों के समर्थन की जरूरत है। चुनाव परिणाम में भाजपा के 10, कांग्रेस के 11 और 4 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। विकास चौहान व जितेंद्र चोपड़ा पहली बार पार्षद बने भाजपा की ओर से वार्ड 7 से जीते जितेंद्र चोपड़ा और वार्ड 24 से विजयी विकास चौहान को अध्यक्ष पद का दावेदार माना जा रहा है। दोनों पहली बार पार्षद बने हैं। जितेंद्र चोपड़ा वार्ड पंच रह चुके, ओबीसी देहात मोर्चा के जिला अध्यक्ष भी हैं। सुकेत सहकारी समिति के अध्यक्ष हैं। विकास चौहान पूर्व में पंचायत समिति सदस्य रह चुके। जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ा था लेकिन हार मिली थी। युवा मोर्चा में जिला महामंत्री रह चुके। वर्तमान में सुकेत भाजपा में मंडल प्रतिनिधि है। वहीं कांग्रेस की ओर से वार्ड 10 से जीते उमरदीन खान अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं। उमरदीन उद्योगपति हैं। पत्थर का काम है। पहली बार पार्षद बने हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव में चार निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम हो गई है। इनमें वार्ड 11 से निर्दलीय चुनाव जीती उमजा खानम कांग्रेस के पाले में हैं। वहीं वार्ड 12 से जीते मोहम्मद रफसंजानी, वार्ड 17 से विजयी दीपिका माली और वार्ड 21 से जीते संजय भाजपा के साथ बताए जा रहे हैं। दोनों ही दल की ओर से अध्यक्ष पद के लिए कल नामांकन किया जाएगा। सांगोद नगर पालिका सांगोद में भाजपा के चंद्रप्रकाश सोनी ने अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन भरा है। चंद्र प्रकाश वर्तमान में सांगोद भाजपा मंडल अध्यक्ष भी हैं। पहली बार चुनाव जीतकर पार्षद बने हैं। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के करीबी हैं। जिले की 35 वार्ड वाली सांगोद नगर पालिका में भाजपा को 20 वार्ड में जीत मिली थी। चार निर्दलीय सत्यनारायण, मंजू बाई, चौथमल और निशा ने भी भाजपा को समर्थन दे दिया है। चारों को मिलाकर भाजपा का आंकड़ा अब 24 तक पहुंच चुका है। कांग्रेस की ओर से वार्ड 20 से जीते पार्षद बृजमोहन रेगर ने भी नामांकन भरा। रामगंजमंडी नगर पालिका रामगंजमंडी नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के नरेंद्र काला को पार्टी का सिंबल मिला है। नरेंद्र काला भाजपा जिला देहात उपाध्यक्ष हैं। कोटा स्टोन एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। अब अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के नरेंद्र काला और कांग्रेस के पवन बाबेल के बीच मुकाबला होगा। पवन बाबेल वार्ड 27 से निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस के रामगंज मंडी में 14 प्रत्याशी जीतकर पार्षद बने हैं। बहुमत के लिए 21 का आंकड़ा चाहिए। पवन बाबेल कांग्रेस के नगर अध्यक्ष हैं। इटावा नगर पालिका इटावा नगर पालिका में कांग्रेस की तरफ से निकिता पारेता ने नॉमिनेशन भरा है। जबकि भाजपा की ओर से निर्दलीय पार्षद निर्मला नागर ने अध्यक्ष पद के लिए नॉमिनेशन दाखिल किया है। 35 वार्डों वाली इटावा नगरपालिका में कांग्रेस ने 16 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को 14 सीटें मिलीं। 5 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार जीते। अध्यक्ष बनाने के लिए 18 पार्षदों का समर्थन चाहिए। ऐसे में कांग्रेस के पास बहुमत से दो सीटें कम हैं, जबकि भाजपा को चार पार्षदों का समर्थन चाहिए। सुल्तानपुर नगर पालिका सुल्तानपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 17 से पार्षद मुकेश उदयराज ने अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। जबकि भाजपा से वार्ड 8 पार्षद बनी अनीता मेघवाल ने नॉमिनेशन दाखिल किया है। अनीता भाजपा की सक्रिय राजनीति में लंबे समय से जुड़ी हुई हैं। अनीता पदाधिकारी भी रह चुकी हैं। सुल्तानपुर नगर पालिका के 25 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा ने 13 सीटें, कांग्रेस ने 11 सीटें तथा एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी ने जीती हैं।