खैरथल-तिजारा में एक व्यक्ति ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। युवक करीब 50 प्रतिशत झुलस गया। घायल की पत्नी ने बताया कि पति ने बेटे से बाइक में डालने के लिए पेट्रोल मंगाया था। फिर कमरे में जाकर खुद पर डाल आग लगा ली। पति को आग में जलता देख पत्नी चिल्लाने लगई। परिवार और आसपास के लोगों ने मिलकर आग को बुझाया। घटना जिले के टपूकड़ा स्थित जिवाना गांव की है। घायल का अलवर जिला अस्पताल में इलाज जारी है। अयोध्या का रहने वाला है परिवार जानकारी के अनुसार, घायल रमेश कुमार मूल रूप से अयोध्या (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। वह पिछले दो साल से टपूकड़ा के जिवाना गांव में पत्नी प्रमिला और दो बच्चों के साथ रह रहा था। वेल्डिंग का काम करता है। रमेश की पत्नी प्रमिला ने बताया- घरेलू विवाद से तनाव में आकर पति ने यह कदम उठा लिया। धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख कमरे की ओर भागी। परिवार और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाकर रमेश को तुरंत अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया- रमेश का शरीर करीब 50% तक झुलस चुका है और उसका इलाज जारी है।