राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ सवाई माधोपुर के पदाधिकारियों की बैठक जिलाध्यक्ष राहुल सिंह गुर्जर के नेतृत्व में आगामी जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन आयोजन को लेकर हुई। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों, रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से आगामी जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन का आयोजन मानटाउन क्लब, जिला मुख्यालय सवाई माधोपुर में 18 सितंबर को करने का निर्णय लिया। जिलाध्यक्ष राहुल सिंह गुर्जर ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहकर शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध करवाना है। सम्मेलन में शिक्षकों की जिला स्तरीय समस्याओं को जिला स्तर के संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखकर उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। वहीं प्रदेश स्तरीय समस्याओं के समाधान के लिए मांग पत्र तैयार कर राज्य सरकार को भिजवाने का निर्णय लिया गया। जिला मंत्री ओमप्रकाश मीना ने बताया कि शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं, सेवा संबंधी प्रकरणों, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण व पदोन्नति, वेतन विसंगतियों, अन्य शिक्षक हितों से जुड़े विषयों पर गंभीरता से मंथन कर सम्मेलन में उन्हें प्रमुखता से उठाने पर सहमति बनी। सम्मेलन की सफलता एवं सुचारु व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया। गठित कमेटियों को आयोजन से संबंधित दायित्व सौंपते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया। ब्लॉक अध्यक्ष सवाई माधोपुर विजेंद्र फागना ने सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग एवं सहभागिता का आह्वान किया। बैठक में संगठन के निवर्तमान जिलाध्यक्ष मोहम्मद जाकिर, प्रदेश सलाहकार हरिशंकर गुर्जर, जिला प्रवक्ता विनोद जैन, जिला उपाध्यक्ष देशराज मीना, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष भुवनेश शर्मा, जिला संरक्षक रामस्वरूप नरेनिया, नसीर मोहम्मद, ब्लॉक संगठन मंत्री मोजीराम मीना, ब्लॉक वरिष्ठ उपाध्यक्ष यादवेंद्र गौतम, ब्लॉक कोषाध्यक्ष पारस चंद जैन, महिला सदस्य रीना सैनी आदि संगठन के पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।