यूथ कांग्रेस के संगठन चुनाव में थानवीर यादव कोटपूतली-बहरोड़ के जिलाध्यक्ष चुने गए हैं। उनकी जीत के बाद जिलेभर में समर्थकों ने जगह-जगह उनका स्वागत किया और जश्न मनाया। थानवीर यादव को जिलाध्यक्ष पद के चुनाव में 11,844 वोट मिले। उन्होंने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी को 5,499 वोटों के अंतर से हराया। चुनाव में करीब 96 हजार वोट पड़े, जिनमें से 41,391 वोट वैध थे। जीत के बाद यादव के जिले में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। फूलमालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी गई। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर खुशी जताई। समर्थकों का कहना है कि थानवीर यादव की जीत से जिले में युवा कांग्रेस को नई मजबूती मिलेगी। यादव ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए संगठन को मजबूत करने और युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने की बात कही।