डूंगरपुर| राजस्थान एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश संगठन मंत्री संजय देशवाल ने डूंगरपुर जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बिछीवाड़ा में कार्यरत रहे एंबुलेंस पायलट प्रदीप ताबियार के 18 अगस्त को हुए आकस्मिक निधन पर उनके तलैया स्थित निवास पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। प्रदेशाध्यक्ष शेखावत ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मृतक पायलट की पत्नी को नियमानुसार मिलने वाले सभी लाभ दिलाने के लिए यूनियन हरसंभव सहयोग करेगी। इस दौरान डूंगरपुर यूनियन के कर्मचारियों की ओर से परिवार को 21 हजार रुपए की प्राथमिक आर्थिक सहायता भी दी गई। जिला अध्यक्ष सत्यनारायण लबाना ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष ने जिले के एंबुलेंस कर्मचारियों से संवाद कर ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। पायलट हरिप्रकाश घाटियां, ईएमटी त्रिलोक चौधरी, ईएमटी कुलदीप नेहरा, ईएमटी ईश्वर गमेती सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।