टोंक| श्री आदिनाथ दिगंबर जैन नसिया अमीरगंज व श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में विराजमान भूगर्भ से प्राप्त 26 जिन प्रतिमाओं का प्राकट्योत्सव गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। समाज के प्रवक्ता पवन कंटान व कमल सर्राफ ने बताया कि 21 सितंबर 1953 को भाद्रपद शुक्ल त्रयोदशी के दिन जैन नसिया के पीछे स्थित एक भूखंड से एक साथ 26 भव्य व अतिशयकारी जिन प्रतिमाएं भूगर्भ से निकली थीं। 1953 में एक साथ मिली ये प्रतिमाएं 600 साल पुरानी हैं। टोंक क्षेत्र के भूगर्भ से करीब 65 जिन प्रतिमाएं चार बार में प्राप्त हो चुकी हैं। ये श्री दिगंबर जैन नसियां व शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर बड़ा तख्ता में विराजमान हैं। 13 प्रतिमाएं वर्तमान में सोनीजी की नसियां, अजमेर में विराजमान हैं। प्राकट्योत्सव पर जैन नसिया में मूलनायक 1008 श्री आदिनाथ भगवान के अभिषेक व शांतिधारा के बाद महापंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद विशेष पूजा-अर्चना होगी।