भास्कर न्यूज | टोंक बरौनी थानांतर्गत बनास नदी में करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार दोपहर साढ़े 12 बजे एक युवक का शव मिल गया। सुबह राहगीरों को नदी किनारे एक बाइक खड़ी मिली थी। पानी में थोड़ी अंदर टापूनुमा जगह पर बाइक की चाबी, मोबाइल, शर्ट, चप्पल, शराब की बोतल सहित अन्य सामान मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तलाश की। शव को पानी से निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थानाधिकारी जयमल सिंह ने बताया कि बाइक के नंबर के आधार पर उसकी पहचान महावीर नगर निवासी अनिल कुमार (30) पुत्र गोपाललाल महावर के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि अनिल मंगलवार शाम करीब 7 बजे बाइक लेकर घर से निकला था। इसके बाद उसका मोबाइल फोन नहीं उठ रहा था। पुलिस ने नदी में डूबने की आशंका के चलते एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया। टीम ने व एसडीआरएफ जवानों ने शव पानी से निकाल लिया। शव को सआदत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थानाधिकारी जयमल सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार अनिल प्लंबर का काम करता था। कुछ समय पहले हुए हादसे के बाद उसने काम भी कम कर दिया था। मौके से शराब की बोतल मिलने के कारण शराब सेवन की आशंका है। इसी को देखते हुए पुलिस ने विसरा सुरक्षित कराया है। प्रथम दृष्टया शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. राजेश चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर पानी में डूबने से दम घुटने के कारण मौत होना प्रतीत होता है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।