भास्कर न्यूज| बारां जिले में नगरीय निकाय चुनाव में प्रचार का शोर अब अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। जिले में पहले चरण के तहत होने वाले मतदान को लेकर सोमवार शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशियों के पास मतदाताओं से सार्वजनिक रूप से संपर्क करने, सभा करने या रैली निकालने का समय नहीं रहेगा। मंगलवार का पूरा दिन प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के लिए साइलेंट पीरियड रहेगा और बुधवार 9 सितंबर को मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। पहले चरण में जिले के बारां नगर परिषद, अंता नगर पालिका और सीसवाली नगर पालिका में मतदान होगा। तीनों निकायों के कुल 115 वार्डों में 419 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें सबसे बड़ा मुकाबला बारां नगर परिषद में है, जहां 60 वार्डों में 217 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं अंता के 35 वार्डों में 110 और सीसवाली के 20 वार्डों में 92 प्रत्याशी मैदान में हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार सोमवार शाम 6 बजे प्रचार थमने के साथ ही चुनावी सभाओं, रैलियों, जुलूसों और लाउडस्पीकर से प्रचार पर रोक लग जाएगी। प्रत्याशी इसके बाद सार्वजनिक रूप से मतदाताओं को प्रभावित करने वाली चुनावी गतिविधियां नहीं कर सकेंगे। अंतिम समय में प्रत्याशी घर-घर संपर्क के जरिए मतदाताओं तक पहुंच बनाने में जुटे हैं। राजनीतिक दल भी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को मतदान के दिन की जिम्मेदारियां सौंपने में लगे हैं। प्रचार समाप्त होने के बाद मतदान शुरू होने तक 48 घंटे का समय चुनावी दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। इस दौरान सार्वजनिक सभा, रैली, जुलूस और लाउडस्पीकर के जरिए प्रचार नहीं किया जा सकेगा। साथ ही सोमवार शाम 6 बजे से बुधवार शाम 6 बजे तक संबंधित मतदान क्षेत्रों में शराब की बिक्री और वितरण पर रोक रहेगी।