जिले में शनिवार को दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रही। रतनगढ़ क्षेत्र में शनिवार शाम हल्की बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव के चलते शनिवार को अधिकतम तापमान में 4 डिग्री गिरावट आई। दिन भर बादलों की आवाजाही के साथ धूप-छांव का मौसम बना रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.6 व न्यूनतम 26.4 डिग्री रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.6 व न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री रहा था। जयपुर मौसम केंद्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र आज दक्षिणी छत्तीसगढ़ व आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है। इसके आगामी दिनों में पश्चिम उत्तरप्रदेश की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। आज मानसून टर्फ लाइन जैसलमेर, कोटा व कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। इसके असर से पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग के जिलों में रविवार से आगामी चार दिन तक हल्की बारिश होने की संभावना है। पक कर तैयार एवं खुले आसमान में रखी खरीफ की फसलों को भीगने से बचाने के समुचित उपाय करें। कृषि एवं अनाज मंडियों में खुले आसमान में रखे अनाज एवं जिंसों को भीगने से बचाने के समुचित उपाय करें। फसलों में कीटनाशक व अन्य रसायन का छिड़काव आगामी दिनों में बारिश की संभावना को ध्यान में रखकर ही करें।