पिछले 3 वर्षों में 3 बार दुर्गा नर्सरी चौराहे के पास धंसे नाले का पुनर्निर्माण शुरू हो गया है। शक्तिनगर स्थित अंबामाता मंदिर से लेकसिटी मॉल तक इसे बनाया जा रहा है। ऐसे में शक्तिनगर जाने वाली रोड को वाहनों के लिए 3-4 दिनों के लिए बंद कर दिया है। तब तक वाहन अशोक नगर वाली लेन से गुजरेंगे। नगर निगम 50 पुराने इस नाले के पुनर्निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपए का टेंडर-वर्कऑर्डर जारी कर चुका है। शुक्रवार से इसका काम भी शुरू हो गया। निगम के अनुसार 3-4 दिन में काम पूरा कर लिया जाएगा। ट्रैफिक डीएसपी भंवर लाल ने बताया कि शनिवार को मार्ग का दौरा किया। उन्होंने निगम से पूरे मार्ग को बंद नहीं करने के लिए कहा। इसके बजाय नाला निर्माण वाले हिस्से के आगे बैरिकेड्स लगाकर आधे मार्ग को शुरू रखने के लिए कहा है। इससे ट्रैफिक ज्यादा प्रभावित नहीं होगा। 3 साल में 3 बार धंसा नाला 12 जुलाई 2026: देर रात को शहर के बीचोबीच दुर्गानर्सरी तिराहे पर नाले का 30 फीट का हिस्सा जमीन में धंस गया। इसमें एक कार भी फंस गई थी। अगस्त 2024: आयड़ पुलिया, आइनॉक्स और सुखाड़िया समाधि के बीच करीब 100 फीट सड़क धंस गई थी। निगम ने करीब 16 लाख रुपए खर्च कर मरम्मत कराई थी। लेकिन, केवल टूटे हिस्से को ही ठीक किया गया। सितंबर 2023: अशोकनगर रोड पर इसी पुराने नाले नाले पर रखे पटाव अंदर धंस गए थे। पार्किंग में खड़ी दो कारें नाले में समा गईं। दुर्गानर्सरी तिराहा शहर का व्यस्ततम इलाका है। यहां ट्रैफिक दबाव भी ज्यादा रहता है। ऐसे में नाले के काम के दौरान बार-बार जाम से परेशानी होगी।