जन-जन के आराध्य रणथंभौर के त्रिनेत्र गणेश का तीन दिवसीय लक्खी मेले का शनिवार से विधिवत रूप से आगाज हो गया। मेला शुरू होने के साथ ही श्रद्धालुओं का मेले में आने का सिलसिला शुरु हो गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु त्रिनेत्र गणेश दर्शनों के लिए रणथंभौर पहुंच रहे है। श्रधालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन, वन विभाग और मन्दिर ट्रस्ट पूरी तरह अलर्ट मोड़ में है। रणथंभौर टाईगर रिजर्व के मध्य रणथंभौर दुर्ग स्थित त्रिनेत्र गणेश मेले के आगाज के साथ ही श्रद्धालुओं का त्रिनेत्र गणेश मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया है। श्रद्धालु पैदल जत्थों व वाहनों से भगवान त्रिनेत्र गणेश के दर्शनाथ पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए समाज सेवियों द्वारा जगह-जगह निशुल्क भंडारों का आयोजन किया गया है तथा मनुहार कर भण्डारा प्रसादी वितरण कर रहे हैं। त्रिनेत्र गणेश का मुख्य मेला 14 सितंबर को रहेगा। लाखों श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और चिकित्सा सहित तमाम व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोडवेज ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। रणथंभौर दुर्ग स्थित त्रिनेत्र गणेश के लक्खी मेले में 14 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर श्रद्धालु पैदल जत्थों के साथ त्रिनेत्र गणेश मंदिर पहुंच रहे हैं। रणथंभौर दुर्ग में विराजमान त्रिनेत्र गणेश भगवान के मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन, वन विभाग एवं मंदिर ट्रस्ट द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की ओर से मेला मजिस्ट्रेट, सहायक मेला मजिस्ट्रेट और कार्यपालक मजिस्ट्रेटों के साथ लगभग 1 हजार 252 पुलिसकर्मियों का पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करने और वन एवं निर्जन क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की है। मेले को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए ‘श्री गणेश स्वच्छ सेवा सम्मान-2026’ पहल भी शुरू की गई है। भंडारा संचालकों से स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है। श्रद्धालुओं से भी मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई है। मेले में श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सवाई माधोपुर डिपो की 36 नियमित बसों के साथ कुल 61 रोडवेज बसें मेले में उपलब्ध रहेंगी। अतिरिक्त बसों का संचालन रेलवे स्टेशन से शेरपुर तिराहा होकर किया जाएगा। मेले के लिए रोडवेज ने 10 रुपए निर्धारित किराया रखा है। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर बसों के फेरे भी जरूरत के अनुसार बढ़ाए जाएंगे। विगत दिनों हुई बरसात से रणथंभौर में हुए जल भराव एवं पानी वाली जगहों पर बेरीकेटिंग की गई है। वाटर पॉइंट पर गोताखोर भी तैनात किए हैं। जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाए गए है। साथ ही टाईगर मूवमेंट वाली संभावित जगहों पर वनकर्मियों की टीमें तैनात की गई है। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे से भी समाज कंटकों पर निगरानी रखी जा रही है।