भास्कर संवाददाता | टोंक पंचायती राज चुनाव 2026 के लिए आरक्षण की लॉटरी का कार्य बुधवार को पूरा हो गया। इस बार चुनाव नए परिसीमन के तहत हो रहे हैं। जिला प्रमुख पद के लिए आरक्षण की लॉटरी पहले ही जयपुर में हो चुकी है। टोंक जिले में पहली बार जिला प्रमुख का पद एससी महिला के लिए आरक्षित हुआ है। जिले की 8 पंचायत समितियों में प्रधान पद की 4 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। आरक्षण बदलने से कई पंचायत समितियों में इस बार नए सामाजिक वर्ग को चुनाव मैदान में उतरने का अवसर मिलेगा। पचेवर पंचायत समिति का गठन पहली बार हुआ है। यहां पहली बार प्रधान चुना जाएगा। पचेवर में प्रधान पद एससी महिला के लिए आरक्षित किया गया है। उनियारा में एससी, देवली में एसटी, निवाई में ओबीसी के लिए प्रधान पद आरक्षित हुआ है। टोडारायसिंह एकमात्र ऐसी पंचायत समिति है, जहां प्रधान पद के लिए कोई भी वर्ग चुनाव लड़ सकेगा। उनियारा पंचायत समिति पहली बार एससी वर्ग के लिए आरक्षित हुई है। यहां लंबे समय से महिला और सामान्य वर्ग की सीटें आती रही हैं। बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में सांसद हरीचंद्र मीणा, विधायक रामसहाय वर्मा की मौजूदगी में कलेक्टर टीना डाबी ने लॉटरी निकालने की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान लगभग सभी दलों के प्रतिनिधि, अन्य लोग भी मौजूद रहे। टोंक पंचायत समिति इस बार भी महिला के लिए आरक्षित : टोंक पंचायत समिति में इस बार प्रधान का पद लगातार दूसरी बार महिला के लिए आरक्षित हुआ है। आरक्षण से पहले 2020 में प्रधान पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित था। इससे पहले 2015 में सीट सामान्य, 2010 में एसटी, 2005 में सामान्य, 2000 में ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित रही थी। मालपुरा में पांच चुनावों में तीन अलग-अलग वर्गों को मौका : मालपुरा पंचायत समिति में 2020 में ओबीसी, 2015 में ओबीसी महिला, 2010 में सामान्य, 2005 में एससी, 2000 में सामान्य वर्ग के लिए प्रधान पद आरक्षित रहा। इस बार यहां के आरक्षण से पिछले चुनावों की तुलना में नया वर्ग सामने आएगा। टोडारायसिंह में लगातार बदलता रहा आरक्षण : टोडारायसिंह में 2020 में ओबीसी महिला, 2015 में एसटी महिला, 2010 में एससी महिला, 2005 में ओबीसी, 2000 में सामान्य वर्ग को मौका मिला। इस बार यहां प्रधान पद अनारक्षित, यानी सामान्य रहेगा। निवाई में एसटी से ओबीसी तक बदलता रहा आरक्षण : निवाई में 2020 में सामान्य, 2015 में ओबीसी, 2010 में सामान्य महिला, 2005 में एसटी, 2000 में एससी वर्ग के लिए प्रधान पद रहा। इस बार निवाई में ओबीसी वर्ग के लिए प्रधान पद आरक्षित हुआ है। देवली में भी इस बार एसटी वर्ग की बारी : देवली में 2020 में ओबीसी, 2015 में एससी महिला, 2010 में सामान्य, 2005 में सामान्य, 2000 में एसटी महिला के लिए प्रधान पद आरक्षित रहा। इस बार देवली पंचायत समिति एसटी वर्ग के लिए आरक्षित की गई है। प्रधान पद की िस्थति पंचायत समिति आरक्षण की स्थिति टोंक अनारक्षित महिला मालपुरा अनारक्षित महिला पीपलू अनारक्षित महिला पचेवर एससी महिला उनियारा एससी देवली एसटी निवाई ओबीसी टोडारायसिंह अनारक्षित