चूरू | प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन जयपुर की ओर से असर सर्वेक्षण के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में डीएलएड प्रशिक्षणार्थियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। 25 सितंबर तक चलने वाले प्रशिक्षण का उद्देश्य सर्वेक्षण प्रक्रिया, बच्चों के शैक्षणिक आकलन और डिजिटल साक्षरता के मूल्यांकन की जानकारी देना है। प्रशिक्षण प्रभारी पंकज कुमार और सरिता ओला ने बताया कि 26 व 27 सितंबर को जिले के चयनित गांवों में सर्वे किया जाएगा। तीन से 16 वर्ष के बच्चों की स्कूली शिक्षा, पांच से 16 वर्ष के बच्चों के बुनियादी भाषा व गणितीय कौशल तथा 14 से 16 वर्ष के बच्चों की डिजिटल साक्षरता का मूल्यांकन होगा। डायट प्राचार्य ओमप्रकाश प्रजापत सहित अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को आंकड़ों की सटीकता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। मास्टर ट्रेनर विजेंद्र पूनिया और भरतलाल ने प्रपत्रों व उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी गांवों में जाकर सर्वे कार्य पूरा करेंगे।