प्रदेश की हैल्थ पॉलिसीज और ऑनलाइन रिव्यू देखकर अमेरिका की 28 वर्षीय महिला पित्त की थैली की पथरी का इलाज कराने एसएमएस पहुंची। जनरल सर्जरी विभाग के डॉ. राजेंद्र बागड़ी व टीम ने लैप्रोस्कोपिक तकनीक से महिला का ऑपरेशन किया। अमेरिका में इस सर्जरी पर करीब 14,35,895 रुपए (15 हजार अमेरिकी डॉलर) तक खर्च आता, जबकि एसएमएस में ऑपरेशन महज 20 हजार (209 डॉलर) में हुआ। एसएमएस में राजस्थान के मरीजों के अलावा अन्य राज्यों से हर साल करीब 15 हजार और विदेशों से करीब 100 मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं। जयपुर आने-जाने के खर्च से भी कम में इलाज महिला के अनुसार, एसएमएस अस्पताल में ऑपरेशन का खर्च 209 डॉलर यानी करीब 20 हजार रुपए आया। इलाज का खर्च यहां आने-जाने के खर्च से भी कम रहा। भारत आने-जाने, ठहरने और इलाज सहित कुल खर्च भी अमेरिका में केवल सर्जरी पर आने वाले करीब 15 हजार डॉलर के अनुमानित खर्च से कम रहा। पूरी जानकारी जुटाई, फिर पहुंची अस्पताल महिला ने बताया कि भारत आने से पहले उसने एसएमएस अस्पताल और यहां के डॉक्टर्स के बारे में ऑनलाइन रिव्यू और पॉलिसीज की जानकारी ली। सरकारी नियमों के तहत निर्धारित न्यूनतम शुल्क में उसका ऑपरेशन किया गया। जनरल वार्ड में ही कराया इलाज डॉ. राजेन्द्र बागड़ी ने बताया कि महिला कॉटेज के बजाय जनरल वार्ड में रहीं। ऑपरेशन में एनेस्थिसिया प्रो. सुशील भाटी, डॉ. इन्दु, डॉ. कंचन, डॉ. सुनील व अन्य भी शामिल रहे।