भास्कर न्यूज | बाड़मेर अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर 1 अक्टूबर को शहर में दो कार्यक्रम होंगे। पहला कार्यक्रम जिला प्रशासन और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में महावीर टाउन हॉल में होगा। यह सुबह 10 बजे शुरू होगा। उप निदेशक सुरेन्द्र कुमार पुनिया ने बताया कि कार्यक्रम में बुजुर्गों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगेगा। योग और आयुर्वेद पर मार्गदर्शन सत्र होगा। वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साइबर ठगी से बचाव पर जागरूकता सत्र होगा। स्मार्टफोन उपयोग को लेकर भी सत्र रखा गया है। दूसरा कार्यक्रम राजस्थान पेंशनर्स समाज की ओर से जिला चिकित्सालय में विशेष स्वास्थ्य जांच और परामर्श शिविर के रूप में होगा। जिलाध्यक्ष डॉ. बीडी तातेड़ के अनुसार शिविर पीएमओ हनुमानराम चौधरी की निगरानी में चलेगा। इसमें जनरल फिजिशियन, अस्थि रोग विशेषज्ञ, फिजियोथेरेपिस्ट समेत अन्य चिकित्सक सेवाएं देंगे। पेंशनर्स समाज के सदस्यों और वृद्धजनों को जांच, परामर्श, उपचार की सुविधा मिलेगी। जोड़ों और मांसपेशियों की समस्याओं पर भी सलाह दी जाएगी। आयोजकों ने अधिक से अधिक बुजुर्गों और पेंशनरों से शिविरों में पहुंचने की अपील की है। नि:शुल्क सेवाओं का लाभ लेने को कहा है।