उदयपुर में चलती बाइक पर दंपत्ति से पर्स छीनकर भागने वाले आरोपी को अंबामाता थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से पर्स और बाइक भी बरामद कर ली है। आरोपी की पहचान प्रेम उर्फ प्रेमचंद उर्फ लाईगर (22) पिता रामलाल निवासी शिवपुरा झाड़ोल के रूप में हुई है। थानाधिकारी हुकुम सिंह ने बताया कि आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछ्ताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने मित्र हिस्ट्रीशीटर ललित प्रजापत और हीरालाल मीणा के साथ मिलकर दंपत्ति से लूट की घटना को अंजाम दिया था। ललित और हीरालाल पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं। आरोपी के पास से बाइक और लूट की राशि बरामद आरोपी प्रेमचंद के कब्जे से घटना में उपयोग ली गई बाइक और लूट की राशि बरामद कर ली है। थानाधिकारी ने बताया कि रोहित मेनारिया निवासी चीरवा ने थाने में रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि उसके माता-पिता धानमंडी से खरीदारी कर बाइक से चीरवा की ओर लौट रहे थे। तभी सरकारी स्कूल पुला के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी माता के हाथ से पर्स छीन लिया। जिससे माता सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। शिकायत के अनुसार,पर्स में करीब 25 हजार रुपए नकद, मोबाइल और सोने की चेन रखी थी। राहगीरों की मदद से महिला को हॉस्पिटल ले जाया गया था। वहीं, आरोपी युवक मौके से फरार हो गए थे। मामला दर्ज होने पर पुलिस ने आसपास सीसीटीवी खंगाले और आरोपी की पहचान की।