उदयपुर के दो पूर्व क्रिकेटरों और अनुभवी प्रशिक्षक चंद्रपाल सिंह चुंडावत एवं किंचित नागर को राजस्थान अंडर-23 सीके नायडू ट्रॉफी टीम के कोचिंग स्टाफ में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजस्थान क्रिकेट टीम का चयन और कोचिंग स्टाफ की नियुक्ति हाल ही में की गई, जिसमें चुंडावत को बैटिंग कोच और नागर को बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया है। राजस्थान टीम का पहला मुकाबला 12 अक्टूबर से हिमाचल प्रदेश में होगा। बीसीसीआई की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित सीके नायडू ट्रॉफी का आगामी सत्र 12 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। राजस्थान अंडर-23 टीम अपना पहला मुकाबला हिमाचल प्रदेश में खेलेगी। प्रतियोगिता में देशभर की अंडर-23 टीमें हिस्सा लेंगी और युवा खिलाड़ियों के लिए यह उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण मंच है। चुंडावत पूर्व रणजी क्रिकेटर हैं उदयपुर के चंद्रपाल सिंह चुंडावत राजस्थान के पूर्व रणजी क्रिकेटर हैं। उन्होंने राजस्थान की ओर से रणजी ट्रॉफी सहित घरेलू क्रिकेट में प्रतिनिधित्व किया है। वे लंबे समय से क्रिकेट कोचिंग से भी जुड़े हुए हैं और वर्तमान में बीसीसीआई लेवल-1 कोच हैं। पिछले सत्र में भी उन्होंने राजस्थान अंडर-23 टीम के साथ कोच के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। नागर भी राजस्थान के पूर्व क्रिकेटर वहीं किंचित नागर भी राजस्थान के पूर्व क्रिकेटर रहे हैं। उन्होंने सीके नायडू ट्रॉफी सहित जूनियर क्रिकेट के विभिन्न स्तरों पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया है। पिछले वर्ष वे राजस्थान अंडर-19 टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वे भी बीसीसीआई लेवल-1 कोच हैं और युवा क्रिकेटरों को उच्च स्तर की ट्रेनिंग देने का अनुभव रखते हैं। युवा खिलाड़ियों को मिलेगा अनुभव का लाभ चुंडावत का बल्लेबाजी में लंबा अनुभव और नागर की गेंदबाजी एवं जूनियर क्रिकेट की विशेषज्ञता राजस्थान अंडर-23 टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। दोनों प्रशिक्षकों के पास खिलाड़ी के रूप में उच्च स्तर के क्रिकेट का अनुभव होने के साथ-साथ कोचिंग का भी अच्छा अनुभव है।