उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सिक्सलेन हाईवे पर बारूद से भरे कंटेनर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद कंटेनर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कंटेनर पूरी तरह से आग के गोले में तब्दील हो गया। कंटेनर के अंदर माइनिंग के दौरान ब्लास्ट के लिए काम में लिया जाने वाला बारूद भरा हुआ था। हादसे के बाद हाईवे के दोनों तरफ सवा घंटा लंबा जाम लगा गया। इस दौरान दमकल की गाड़ियां जाम में फंस गई। सूचना के आधे घंटे बाद मौके पर दमकल की 3 गाड़ियां पहुंची। दमकल की 2 गाड़ियां उदयपुर और 1 गाड़ी भींडर से पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आधे घंटे में आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हादसे के बाद ड्राइवर ने कंटेनर से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना जिले के वाना गांव की है। गुरुवार रात करीब 8:45 बजे यह हादसा हुआ। नगर निगम के CFO बाबूलाल चौधरी ने बताया कि करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। साथ ही पुलिस ने रात करीब 9:55 बजे जाम खुलवा लिया। देखिए, घटना से जुड़ी 4 PHOTO'S जानकारी के अनुसार हादसा का शिकार हुआ ट्रक उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की तरफ जा रहा था। रास्ते में वाना गांव चौराहे के पास कंटेनर अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से जा भिड़ा। डिवाइडर से टकराने के बाद कंटेनर के केबिन में आग लग गई। कंटेनर में विस्फोटक सामग्री भरी होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। हालांकि, उस वक्त पास में कोई गाड़ी नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। कंटेनर ड्राइवर ने पहले ही कूदकर अपनी जान बचा ली। आग की ऊंची लपटें और विस्फोटक सामग्री के खतरे को देखते हुए मौके पर दहशत फैल गई। सुरक्षा के लिहाज से लोगों को कंटेनर से करीब 500 मीटर दूर ही रोक दिया गया है। लोग दूर खड़े होकर ही जलते हुए ट्रक को देख रहे थे। हाईवे पर दूर-दूर तक आग की लपटे दिखाई दी। कई बार विस्फोटक साम्रगी के ब्लॉस्ट होने की आवाजे भी सुनाई दी। इस कंटेनर के अंदर माइनिंग के दौरान ब्लास्ट के लिए काम में लिया जाने वाला बारूद भरा हुआ था। मौके पर हाईवे के दोनों तरफ लगा जाम सूचना मिलते ही खेरोदा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर हाईवे के दोनों तरफ का ट्रैफिक रोका गया था। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई थी। इनपुट - चेतन व्यास।